डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बाइडन अपने रिपब्लिकन प्रतिस्पर्धी और वर्तमान राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प से आगे चल रहे हैं। इलेक्टोरल वोटों के मामले में भी बाइडन ट्रम्प से 25 वोटों से आगे हैं। अंतिम आंकड़ों के अनुसार बाइडन को जनता के 6 करोड़ 91 लाख 10 हज़ार 405 वोट और 238 इलेक्टोरल वोट हासिल हुए हैं। उन्हें जनता द्वारा डाले गए वोटों में से अब तक 50 प्रतिशत वोट मिल चुके हैं। दूसरी ओर डोनल्ड ट्रम्प को 213 इलेक्टोरल वोट मिले हैं जबकि जनता की ओर से उन्हें 6 करोड़ 68 लाख 28 हज़ार 238 वोट मिले हैं। उन्हें मिलने वाले जनता के वोटों का प्रतिशत 48.4 प्रतिशत है। इस तरह से कहा जा सकता है कि दोनों के बीच कांटे की टक्कर चल रही है।चुनाव में जीत के लिए इलेक्टोरल वोटों का आंकड़ा 270 है।
अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प जिस तरह के बयान दे रहे थे उससे पहले से ही यह आशंका जतायी जा रही थी कि अमरीका में चुनाव के परिणाम पर विवाद होगा और अब यह आशंका सच्चाई में बदल रही है क्योंकि बाइडन अपनी जीत का दावा कर रहे हैं और ट्रंप चुनाव में धोखाधड़ी और वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं और अब यह अमरीका में एक लंबी क़ानूनी लड़ाई की भूमिका हो सकती है जिसके बाद हारने वाले के समर्थकों को गुस्सा होगा।
रिपोर्टों में बताया गया है कि ट्रम्प के समर्थकों ने भारी मात्रा में हथियार खरीदे हैं।
इसी मध्य खबर है वाइट हाउस के पास चाक़ू से हमला हुआ है जिसमें 4 लोग घायल हो गये हैं। अमरीकी पुलिस ने इस संदर्भ में अधिक जानकारी नहीं दी है लेकिन स्पूतनिक न्यूज़ एजेन्सी ने एक वीडिया पोस्ट किया है जिसमें हमले की इस घटना को देखा जा सकता है।
चुनाव के बाद हंगामों की आशंका में वाइट हाउस के आस पास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।